आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का नामकरण हो सकता है और इसके नाम बदलने की संभावना जताई जा रही है, अब सवाल उठता है कि फिरोजाबाद का नाम बदलकर क्या रखा जाएगा ? तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इसका नया नाम चंद्र नगर हो सकता है। जिला पंचायत की बैठक में फिरोजाबाद का नाम बदलने की मुहर लग गई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फिरोजाबाद का नाम बदलने की सुगबुगाहट काफी दिनों से चल रही थी, जिसे देखते हुए फिरोजाबाद का प्राचीन नाम चंद्रनगर रखे जाने का प्रस्ताव जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह की अध्यक्षता में पारित कर दिया गया।
जिला पंचायत बोर्ड की यह पहली बैठक थी :
आपको बता दे की जिला पंचायत बोर्ड की यह पहली बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें विकास तथा जनहित को लेकर कई प्रस्तावों पर मुहर लगी। साथ ही साथ इस बैठक में फिरोजाबाद सदर के ब्लाक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव ने जिले का नाम बदलकर चंद्र नगर रखने का प्रस्ताव रखा था, जिसे बैठक में बोर्ड ने सर्वसम्मति से पारित कर शासन को भेज दिया है। अब इसके आगे की प्रक्रिया में अगर सब कुछ सही रहता है तो फिरोजाबाद का नाम बदलकर चंद्रनगर कर दिया जाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह ने नाम बदलने पर क्या कहा ?
इस मामले पर जिला पंचायत के अध्यक्ष हर्षिता सिंह ने बताया कि, "इस प्रस्ताव को 31 जुलाई शनिवार को एक सत्र में मौखिक रूप से पेश किया गया था, जब यह प्रस्ताव पेश किया गया उस वक्त अधिकांश सदस्य बैठक में मौजूद थे। ये प्रस्ताव प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी नारायण द्वारा लाया गया था। सदन ने इस प्रस्ताव को पारित कर दिया, क्योंकि किसी ने कोई विरोध नहीं दिखाया। सदन में एक भी व्यक्ति ने इसका विरोध नहीं किया। अगले हफ्ते तक हम जिला मजिस्ट्रेट को प्रस्ताव के बारे में सूचित करते हुए पत्र लिखेंगे फिर वो आगे की कार्रवाई करेंगे और सरकार को लिखेंगे, अंततः सरकार नाम परिवर्तन के बारे में अंतिम निर्णय लेगी"।
हम बस पुराने नाम को वापस ला रहे हैं : हर्षिता सिंह
फिरोजाबाद के नाम बदलने की वजह के पूछे जाने पर हर्षिता सिंह ने जवाब देते हुए बताया कि, "हम फिरोजाबाद का नाम नहीं बदल रहे हैं, हम बस पुराने नाम को वापस ला रहे हैं, जो मुगलों के भारत आने से पहले था। बादशाह अकबर के प्रतिनिधि फिरोज शाह ने इस जगह का नाम बदलकर फिरोजाबाद कर दिया था। 1560 के दशक से पहले इस जगह का नाम राजा चंद्रसेन के नाम पर था"। वही आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बीजेपी नेता और प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव नाम बदलने पर कहा कि, "पूरा जिला बदलाव चाहता है, इस प्रस्ताव को नए सत्र में आदेश के रूप में पढ़ा जिसे सब की सहमति से पारित कर दिया गया"।
आरएसएस पहले से फिरोजाबाद को चंद्रनगर बुलाती आई है :
वहीं भाजपा नेता कन्हैया लाल ने नाम बदलने पर कहा की, "राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तो पहले ही फिरोजाबाद का प्राचीन नाम चंद्रनगर का प्रयोग करता रहा है। प्राचीन समय में यह नगरी जैन राजा चंद्रसेन की नगरी थी, जिसका नाम चंद्रवाड़ था कालांतर में मुस्लिम शासकों ने चंद्रवाड़ पर हमला कर इसे तहस-नहस कर दिया था। चंद्रवाड़ नगरी के अवशेष अभी भी यमुना किनारे मौजूद हैं। 1566 में अकबर ने सिपहसालार फिरोजशाह को भेजा था, जिसके बाद बसाए गए नगर का नाम फिरोजाबाद रखा गया था।