दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पाकिस्तान की ISI से जुड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। पंजाब और दिल्ली से चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की योजना बनाई थी।
पुलिस ने इन आतंकियों के पास से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ये गिरफ्तारियां दिल्ली की सुरक्षा के लिए बड़ी राहत की खबर हैं। खुफिया एजेंसियों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए स्पेशल सेल की टीम ने इन आतंकियों को अलग-अलग जगहों से दबोचा। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि ये लोग ISI के इशारे पर दिल्ली में आतंक फैलाने की तैयारी कर रहे थे।
भारत के खिलाफ पाकिस्तान की ISI लगातार साजिशें रचती रहती है। दिल्ली जैसे संवेदनशील शहर को निशाना बनाना इनकी पुरानी आदत है। लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों की सतर्कता और तेज कार्रवाई के कारण इनकी हर साजिश धरी की धरी रह जाती है। ये गिरफ्तारियां एक बार फिर साबित करती हैं कि भारत अब आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर और गृह मंत्रालय को इस सफलता पर बधाई। खुफिया जानकारी साझा करने वाली एजेंसियों की भूमिका भी सराहनीय है। पूछताछ में और खुलासे होने की उम्मीद है, जिससे पूरी ISI मॉड्यूल का भंडाफोड़ हो सकता है। देश की राजधानी में आतंकी हमले की कोई भी साजिश सीधे-सीधे भारत की संप्रभुता पर हमला है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों को और मजबूत बनाने की जरूरत है। आम नागरिकों को भी सतर्क रहना चाहिए और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देनी चाहिए।

