गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम के पालम विहार में रिटायर्ड कर्नल के घर में हुई डकैती का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। क्राइम ब्रांच ने चार बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें हिलाल गैंग के सदस्य शामिल हैं। ये सभी बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत घुसे थे और यहां संगठित लूटपाट में लगे हुए थे।
4 जून की सुबह आरोपियों ने कर्नल के घर की पिछली खिड़की की लोहे की ग्रिल काटकर अंदर घुसपैठ की। उन्होंने कर्नल की पत्नी और बेटी को बंधक बनाया और सोने-चांदी, हीरे के गहने, नकदी समेत कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इनकी लोकेशन ट्रेस की गई और बजघेड़ा अंडरपास के पास उन्हें घेर लिया गया। पुलिस को देखते ही चारों भागने लगे और अंडरपास से कूद पड़े। इस दौरान तीन के पैरों में फ्रैक्चर हो गया जबकि एक का हाथ टूट गया। सभी का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिलाल, मामो खान, मोहम्मद खैरुल उर्फ अरमान और मोहम्मद मामन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक इन पर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती और चोरी के 24 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। ये पहले रेकी करते थे, बड़े मकानों को निशाना बनाते थे और लूट के बाद बांग्लादेश भाग जाते थे।
यह घटना अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों की बढ़ती समस्या को उजागर करती है। जो लोग भारत में घुसकर सुरक्षा बलों के परिवारों पर हमला बोल रहे हैं, वे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। कई बार ऐसे घुसपैठिए फर्जी दस्तावेज बनाकर यहां बस जाते हैं और अपराध की श्रृंखला चलाते हैं।

