बिहार की राजनीति की सबसे बड़ी हस्तियों में एक सदानन्द सिंह इन दिनों गंभीर रूप से बीमार हैं। सदानंद सिंह बिहार विधानसभा के अध्यक्ष के अलावा मंत्री का पद भी सुशोभित कर चुके हैं। वे भागलपुर के कहलगांव विधानसभा सीट से 9 बार बिहार विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके है। सदानंद सिंह इन दिनों लिवर सिरोसिस की गंभीर बीमारी के कारण जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। उनकी हालत नाजुक है और उन्हें पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सदानंद सिंह प्रारंभिक तौर पर कोमा में चले गए हैं।
मुख्यमंत्री नीतिश कुमार कर रहे है मदद :
इस बीच सदानंद सिंह के पुत्र और कहलगांव बिहार विधानसभा क्षेत्र से 2020 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े सुभानंद मुकेश ने आरोप लगाया है कि जब उनके पिता की हालत गंभीर थी और वे दिल्ली में भर्ती थे। तब खबर दिए जाने के बावजूद राहुल और सोनिया गांधी ने उन्हें देखने तक की जहमत नहीं उठाई। बेटे ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जब उनके पिता की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली तब दिल्ली में उनके पास बराबर रेजिडेंट कमिश्नर आते रहे और इलाज को लेकर किसी भी तरह की जरूरत होने पर मदद का भरोसा दिलाया था। यही नहीं, जब डॉक्टरों ने जवाब दे दिया और पिता को दिल्ली से पटना लाना पड़ा तब इस दौरान भी एअरलिफ्ट के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने काफी मदद की और उनके प्रयास से ही पिता पटना वापस आ सके।